खड़गे के मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर अजय राय का हमला, बोले- दलितों और संविधान का अपमान

Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे दलित समाज का अपमान बताते हुए प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की।

अजय राय ने क्या कहा

अजय राय ने कहा कि यह घटना सिर्फ मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं है, बल्कि दलित, पिछड़े और वंचित समाज की गरिमा से जुड़ा मामला है। उन्होंने इसे संविधान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का भी अपमान बताया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस की जातिवादी सोच इस घटना से सामने आई है। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण किसी मंच का नहीं, बल्कि ऐसी मानसिकता का होना चाहिए। अजय राय ने बीजेपी के दलित हितैषी होने के दावों पर भी सवाल उठाए।

14 अगस्त को लखनऊ में कांग्रेस का मार्च

अजय राय ने राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रमों में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अनुपस्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी इसे दलित और आदिवासी समाज के सम्मान से जोड़कर सवाल उठाती रही है।

उन्होंने कहा कि खड़गे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर हैं। इस घटना से दलित समाज में आक्रोश है। कांग्रेस ने ऐलान किया कि 14 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ से शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। पार्टी के मुताबिक मार्च सामाजिक समानता, संवैधानिक मूल्यों और दलितों की गरिमा के समर्थन में होगा।

Also Read: लखनऊ की स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरेश खन्ना ने सफाई कंपनी पर 5 लाख जुर्माने के दिए निर्देश 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.