खेसारी लाल यादव की पत्नी लड़ सकती हैं बिहार चुनाव! बोले- चंदा मान गईं तो छपरा से भरेंगी नामांकन

Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा संकेत दिया है, जिसके बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज़ हो गई है। खेसारी ने बुधवार को ख़ुलासा किया कि वह राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के संपर्क में हैं और वह चाहते हैं कि उनकी पत्नी इस बार चुनाव लड़ें।

खेसारी लाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मैं चाहता हूँ कि मेरी पत्नी चंदा देवी चुनाव लड़ें, मैं उन्हें 4 दिन से मना रहा हूँ। अगर वो मान जाती हैं तो नामांकन दाखिल करेंगी, अन्यथा मैं सिर्फ़ प्रचार करके भइया (तेजस्वी यादव) को जिताने की कोशिश करूँगा। इस बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि खेसारी लाल यादव ख़ुद चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन पूरी ताक़त से आरजेडी के लिए प्रचार करेंगे।

खेसारी के इस बयान के बाद अटकलें तेज़ हो गई हैं कि अगर उनकी पत्नी चंदा देवी चुनाव लड़ने के लिए सहमत होती हैं, तो आरजेडी उन्हें छपरा विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है। यह सीट 2015 और 2020 में बीजेपी के खाते में गई थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चंदा देवी को मैदान में उतारना एक मज़बूत चुनावी रणनीति हो सकती है। खेसारी की बड़ी सेलिब्रिटी फैन फॉलोइंग का फ़ायदा आरजेडी को मिल सकता है, जिससे पार्टी को अपने आधार में ऊर्जा भरने और इस सीट पर भाजपा के प्रभुत्व को चुनौती देने में मदद मिलेगी। बता दें कि खेसारी लाल यादव की आरजेडी और तेजस्वी यादव से नज़दीकी पहले भी रही है। वह कई बार लालू परिवार से मिल चुके हैं और मौजूदा सरकार की नीतियों की खुलकर आलोचना करते रहे हैं।

Also Read: जैसलमेर बस अग्निकांड में 21 की मौत, डीएनए सैंपल मिलान के बाद ही मिलेंगे परिजन को मिलेंगे शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.