जाने, कौन हैं Vaibhav Taneja जिनकी कमाई सुंदर पिचाई और सत्या नडेला से भी है ज्यादा
Vaibhav Taneja Earning : टेस्ला के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) वैभव तनेजा इन दिनों सुर्खियों में हैं – न सिर्फ अपने ऊंचे ओहदे को लेकर, बल्कि 2024 में मिली चौंका देने वाली 139 मिलियन डॉलर (लगभग 1155 करोड़ रुपये) की कमाई को लेकर भी।
यह आंकड़ा माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला (79.1 मिलियन डॉलर) और गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई (10.73 मिलियन डॉलर) की कमाई से कहीं ज्यादा है।
सैलरी नहीं, शेयर से कमाई बनी वजह
हालांकि, यह पूरी रकम वैभव तनेजा की सैलरी नहीं है। टेस्ला से उनकी बेस सैलरी महज $4 लाख (करीब 3.3 करोड़ रुपये) रही। असली कमाई उन्हें शेयर आधारित इंसेंटिव से हुई, जिसे उन्होंने ऐसे समय में भुनाया जब टेस्ला के शेयर करीब $250 पर ट्रेड कर रहे थे, जिससे उनकी कुल कमाई का आंकड़ा आसमान छू गया।

दिल्ली यूनिवर्सिटी से टेस्ला तक का सफर
वैभव तनेजा का टेस्ला तक का सफर किसी प्रेरणा से कम नहीं है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से कॉमर्स ग्रेजुएट और चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के बाद, उन्होंने PwC में भारत और अमेरिका में 17 साल तक काम किया।
2016 में उन्होंने SolarCity जॉइन किया, जिसे बाद में टेस्ला ने अधिग्रहित कर लिया। यहीं से वे टेस्ला की फाइनेंस टीम का हिस्सा बने।
2019 में वे Chief Accounting Officer बने और 2023 में उन्होंने CFO की जिम्मेदारी संभाली।
वे Tesla India Motors and Energy Pvt. Ltd. के डायरेक्टर भी हैं, जो भारत में टेस्ला के संभावित विस्तार की ओर संकेत करता है।
इंजीनियरिंग के दायरे से बाहर निकलते भारतीय पेशेवर
वैभव तनेजा की सफलता एक बड़ी सोच को दर्शाती है — भारतीय मूल के पेशेवर अब सिर्फ इंजीनियरिंग नहीं, बल्कि वित्त जैसे क्षेत्रों से भी वैश्विक कंपनियों के शीर्ष पदों तक पहुंच रहे हैं।
जहाँ सत्य नडेला और सुंदर पिचाई जैसे दिग्गज इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आते हैं, वहीं तनेजा ने फाइनेंस और अकाउंटिंग के जरिए अपनी जगह बनाई है।
उनसे पहले दीपक आहूजा भी टेस्ला के CFO रह चुके हैं, और हाल ही में Apple ने भी एक भारतीय मूल के व्यक्ति केवन पारिख को CFO नियुक्त किया है।
Also Read : वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था बनी मजबूत : RBI

