Kushinagar News: जयपुर से बिहार जा रही लग्जरी बस पलटी, 27 यात्री गंभीर रूप से घायल
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (Kushinagar) जिले में बृहस्पतिवार भोर में एनएच-28 हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जयपुर से बिहार के मधुबनी जा रही एक लग्जरी बस तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 45 यात्रियों में से 27 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कुशीनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कैसे हुआ हादसा ?
दरअसल यह हादसा कुशीनगर (Kushinagar) के तरेयासुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित चौरसिया मैरेज हाल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान चालक को झपकी आने के कारण बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री खुद को बस से बाहर निकालने की कोशिश करते रहे, वहीं आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

राहत-बचाव कार्य में जुटे ग्रामीण और पुलिसकर्मी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बहादुरपुर चौकी की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज पहुंचाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल 27 यात्रियों को जिला अस्पताल कुशीनगर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है।
वहीं जिला प्रशासन ने हादसे की सूचना मिलते ही राहत कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाया और यातायात बहाल कराया। यात्रियों की सूची तैयार कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की तेज रफ्तार और नींद में झपकी आना बताया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मचा हड़कंप
वहीं इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भयानक थी कि बस पूरी तरह पलट गई और यात्रियों की जान पर बन आई। स्थानीय लोगों की तत्परता से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी। जिला प्रशासन ने कहा है कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
Also Read: Lucknow News: सपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से भरी हुंकार, अखिलेश की ट्रेन में 7 बड़े वादे

