Kushinagar News: सपा कार्यालय पर गूंजा सम्राट अशोक का जयघोष, जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिलाया 2027 का संकल्प
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के कुशीनगर जिला कार्यालय ‘लोहिया भवन’ में गुरुवार को चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं ने सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने सम्राट अशोक के ऐतिहासिक शासनकाल और उनकी महानता पर प्रकाश डाला।
स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है अशोक का शासन
जिलाध्यक्ष राम अवध यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि मौर्य वंश के तृतीय शासक सम्राट अशोक एक महान और दूरदर्शी राजा थे। कलिंग युद्ध की विभीषिका और भारी जनहानि ने उनके हृदय को झकझोर कर रख दिया, जिसके बाद उन्होंने हिंसा का मार्ग त्याग कर बौद्ध धर्म अपना लिया। उन्होंने कहा कि भारत का राष्ट्रीय प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ उन्हीं की देन है, जो शांति और अहिंसा का वैश्विक संदेश देता है।

मिशन 2027: अत्याचार के विरुद्ध हुंकार
जयंती समारोह को राजनीतिक संकल्प से जोड़ते हुए जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला । उन्होंने कहा कि आज देश में जो जुल्म, जोर-जबरदस्ती और अत्याचार का माहौल है, उसके विरुद्ध हम सबको एकजुट होना होगा। सम्राट अशोक के बताए शांतिपूर्ण संघर्ष के मार्ग पर चलकर ही हम लोकतंत्र की रक्षा कर सकते हैं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए अभी से जनता के बीच जाकर संघर्ष तेज करें।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में विजय प्रताप कुशवाहा, विक्रम यादव, राजेंद्र यादव मुन्ना, मोहम्मद इलियास अंसारी, वीरेंद्र सिंह सैथवार और अवध नाथ ठाकुरई ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर राजेंद्र पाल, सिकंदर आलम, भोला यादव, मनोज कुशवाहा, हीरालाल प्रजापति और बड़ी संख्या में मौर्य-कुशवाहा समाज के प्रतिनिधि व सपा समर्थक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Kushinagar News: कमर्शियल LPG के लिए नए नियम लागू, इनको मिलेगी प्राथमिकता

