इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा, CM Yogi बोले- एस्टीमेट भेजें, सरकार तुरंत देगी रकम

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कर भेजें, ताकि सरकार तुरंत धन उपलब्ध करा सके।

सीएम योगी ने साफ कहा कि प्रदेश में किसी भी व्यक्ति का इलाज सिर्फ पैसों की कमी के कारण नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ तेजी से कार्रवाई करने और जरूरतमंदों को उच्चस्तरीय इलाज की सुविधा दिलाने के निर्देश दिए।

करीब 200 लोगों की सुनी समस्याएं

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में CM Yogi ने करीब 200 लोगों से मिले। वह खुद लोगों तक पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। फरियादियों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने हर मामले का जल्द और संतोषजनक समाधान कराने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों से सीएम योगी ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों के इलाज का एस्टीमेट तैयार कर तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।

इसके अलावा CM Yogi ने जमीन कब्जाने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कुछ लोग पारिवारिक विवादों की शिकायत लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कराने की पहल करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कोशिश हो कि पारिवारिक विवादों का समाधान आपसी बातचीत से घर में ही हो जाए।

गोशाला पहुंचे CM Yogi

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा भी की। उन्होंने गायों और गोवंश को गुड़-पूड़ी खिलाई। इससे पहले उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के सामने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Also Read: UP में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, लखनऊ में 50 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.