लखीमपुर खीरी: दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगाही थाने में पीस कमेटी की बैठक
लखीमपुर खीरी: दीपावली और आगामी त्योहारों के महापर्व पर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को सिंगाही थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने ग्राम प्रधानों, सभासदों और गणमान्य नागरिकों से अपील करते हुए त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की बात कही।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष ध्यान
थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार आने वाले हैं। इन दिनों बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ रहेगी, जिससे चोरों और उचक्कों का भय भी बना रहता है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे खरीदारी करते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस गश्त के लिए बाजारों में हर समय मुस्तैद रहेगी, लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
अराजक तत्वों पर रहेगी कड़ी नज़र
थाना अध्यक्ष ने नगर के सभासदों से कहा कि नगर पंचायत के सीसीटीवी कैमरे तत्काल ठीक करवा दिए जाएं, ताकि अराजक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस जनता की सेवा के लिए हर समय तत्पर है और उनके नंबर पर सूचना मिलते ही तुरंत सहायता के लिए पहुंचेगी।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, पटाखों की दुकानों को नगर के बाहर, आधुनिक साज-सज्जा और सुरक्षा मानकों के साथ लगाया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके। इस बैठक में पूर्व नगर अध्यक्ष सिंगाही प्रदीप पुरवार, सभासद रामनरेश गुप्ता, सलाउद्दीन, ध्रुव कुमार, पूर्व सभासद जोगिंदर शाक्य, शिशिर गुप्ता, ग्राम प्रधान और समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
Also Read: बाराबंकी: ई-रिक्शा चालक की मदद से पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार

