AAP के नाम पर फर्जी जॉइनिंग, कांग्रेस पर भड़के संजय सिंह, दी लीगल नोटिस की चेतावनी

Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पर भ्रामक खबरें फैलाने का आरोप लगाया है। सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया कि कांग्रेस ने कुछ लोगों को आप के किसान प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव बताकर पार्टी में शामिल कराया, जबकि आप संगठन में इन नामों के पदाधिकारी हैं ही नहीं।

संजय सिंह के मुताबिक, कुछ अखबारों और सोशल मीडिया हैंडल पर खबर चली कि आप किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विवेक पांडे, प्रदेश महासचिव संजय मिश्रा समेत कुछ अन्य लोग कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने इस खबर को गलत बताते हुए सवाल किया कि आखिर यह जानकारी अखबारों तक किसने पहुंचाई।

बोले- असली पदाधिकारी कोई और हैं

आप नेता ने कहा कि यूपी में पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के वास्तविक प्रदेश अध्यक्ष ‘कमांडो अशोक’ और प्रदेश महासचिव नीरज छौंकर हैं। उनका आरोप है कि दूसरे लोगों को गलत पदनाम देकर कांग्रेस में शामिल कराया गया। संजय सिंह ने इसे कांग्रेस की राजनीतिक साजिश बताया।

उन्होंने कहा कि इससे जनता और मीडिया के बीच भ्रम पैदा होता है। संजय सिंह ने दावा किया कि यूपी में आप का संगठन मजबूती से काम कर रहा है।

मीडिया से तथ्य जांचने की अपील

संजय सिंह ने मीडिया संस्थानों से खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गलत खबर प्रकाशित करने वाले संस्थानों को वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए खंडन करना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर संबंधित मीडिया संस्थानों को कानूनी नोटिस भेजा जा सकता है। हालांकि, संजय सिंह के आरोपों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.