Lucknow में बेसमेंट वाले होटल-हॉल पर LDA का बड़ा एक्शन, नियम तोड़े तो सीधे होगी सीलिंग
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बेसमेंट में अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। मंडलायुक्त एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अध्यक्ष विजय विश्वास पंत ने प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में नियमों का पालन नहीं करने वाले भवनों को सील किया जाएगा।
दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद LDA और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से शहर के 122 होटल, गेस्ट हाउस, मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में कई जगह अनाधिकृत निर्माण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का खुलासा हुआ।
इन बड़े होटलों में मिलीं अनियमितताएं
संयुक्त टीम की रिपोर्ट में कई प्रतिष्ठानों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं-
- गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में स्वीकृत नक्शे के विपरीत 16वीं मंजिल पर स्काई बार संचालित मिला। साथ ही ग्रीन बेल्ट के नीचे अवैध बेसमेंट निर्माण भी पाया गया।
- होटल नोवोटेल के बेसमेंट पार्किंग क्षेत्र में बेकरी, स्टाफ रूम और लॉन्ड्री संचालित मिली।
- होटल लीनेज में भी निर्माण संबंधी अनियमितताएं सामने आईं।
- आशियाना स्थित होटल पिनैकल के बेसमेंट में अवैध रूप से बैंक्वेट हॉल चल रहा था।
- विभूतिखंड के होटल सैवी ग्रैंड में पार्किंग की जगह बेसमेंट में बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं।
नोटिस के बाद होगी सीलिंग
LDA अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को तुरंत नोटिस जारी किए जाएं। यदि तय समयसीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं किया गया, तो नियमानुसार परिसर को सील किया जाएगा। साथ ही जिन भवनों को अनियमितताओं के बावजूद पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) जारी किया गया, उन अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
कोचिंग, हॉस्पिटल और जिम भी जांच के दायरे में
LDA अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के सभी ऐसे प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की जाए, जहां बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। इसमें होटल, कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर क्लास, अस्पताल, नर्सिंग होम और जिम शामिल हैं। विशेष रूप से बेसमेंट में संचालित गतिविधियों की जांच कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
Also Read: Lucknow Fire: फर्जी सिग्नेचर, फर्जी NOC, 15 मौतों के बाद खुली लापरवाही की पूरी कहानी

