PAK में घुसकर तालिबान ने की एयरस्ट्राइक, बलूचिस्तान-KP में बरसाए बम, ISIS के ठिकाने तबाह होने का दावा

Taliban attacks Pakistan: अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के भीतर बड़ी सैन्य कार्रवाई का दावा किया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसकी वायुसेना ने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा (KP) में ISIS के कई ठिकानों पर रातभर एयरस्ट्राइक की। मंत्रालय का कहना है कि इन हमलों में आतंकी ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई हाई-वैल्यू टारगेट तबाह किए गए हैं।

इन इलाकों को बनाया निशाना

तालिबान के मुताबिक, हमले इन स्थानों पर किए गए-

– बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले के गुलिस्तान क्षेत्र

– चागई जिले के शकर आब जंगल गार्डी इलाके

– खैबर पख्तूनख्वा के ओरकजई एजेंसी स्थित कम्बर खेल क्षेत्र

रक्षा मंत्रालय का दावा है कि इन जगहों का इस्तेमाल ISIS और अन्य आतंकी समूह अफगानिस्तान के खिलाफ हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने के लिए कर रहे थे।

‘अब किसी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेंगे’

तालिबान (Taliban) ने अपने बयान में साफ कहा कि अफगानिस्तान अब अपनी सुरक्षा और स्थिरता के खिलाफ किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा। मंत्रालय के अनुसार, भविष्य में भी ऐसे ठिकानों को शुरुआती स्तर पर ही निशाना बनाकर खत्म किया जाएगा।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं। फरवरी 2026 से दोनों देशों के बीच सीमा पर ड्रोन हमले, हवाई कार्रवाई और गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

तालिबान ने इससे पहले भी पाकिस्तान पर अफगान क्षेत्रों में हवाई हमले करने और नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया था। काबुल का दावा है कि 9 जून को कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में हुए पाकिस्तानी हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

पाकिस्तान क्या कहता है?

पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और ISIS-खुरासान जैसे आतंकी संगठन अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर उसके खिलाफ हमलों की साजिश रचते हैं। हालांकि तालिबान (Taliban) सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है।

दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इस ताजा एयरस्ट्राइक ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

Also Read: PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन, हजारों लोगों का ऐलान- ‘हम PAK का हिस्सा नहीं’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.