Lucknow: सिर्फ 20 से 35 लाख में होगा अपना घर! LDA बनाएगा 1392 नए फ्लैट

LDA Flats Lucknow: लखनऊ में किफायती मकान की तलाश कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अनंत नगर योजना में अपनी पहली बहुमंजिला आवासीय परियोजना शुरू करने की तैयारी कर ली है।

इस परियोजना के तहत ‘अदिति अपार्टमेंट’ (Aditi Apartment) नाम से 1392 फ्लैट बनाए जाएंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस आवासीय योजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

बताया जा रहा है कि फ्लैट्स की कीमत 20 लाख रुपये से 35 लाख रुपये के बीच रखी जाएगी, ताकि मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोग भी अपने घर का सपना पूरा कर सकें।

1 BHK और 2 BHK के होंगे फ्लैट

इस परियोजना (LDA Flats Lucknow) के तहत 1 बीएचके और 2 बीएचके दोनों प्रकार के फ्लैट उपलब्ध होंगे। योजना के अनुसार 412 फ्लैट 1 बीएचके श्रेणी के होंगे, जिनका क्षेत्रफल 38.25 वर्गमीटर होगा। वहीं 980 फ्लैट 2 बीएचके श्रेणी के बनाए जाएंगे, जिनका क्षेत्रफल 50.10 वर्गमीटर निर्धारित किया गया है।

यह परियोजना अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में लगभग 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर विकसित की जाएगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर

Lucknow: सिर्फ 20 से 35 लाख में होगा अपना घर! LDA बनाएगा 1392 नए फ्लैट

एलडीए के अनुसार अदिति अपार्टमेंट में आधुनिक शहरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। 1 बीएचके फ्लैट में दो बालकनी और 2 बीएचके फ्लैट में तीन बालकनी की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 545 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

परियोजना में हाई-स्पीड लिफ्ट, पावर बैकअप, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्युनिटी स्पेस और पैदल चलने के लिए अलग पाथ-वे जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

हरियाली के बीच तैयार होंगे पांच टावर

LDA के मुताबिक अदिति अपार्टमेंट में कुल पांच आवासीय टावर बनाए जाएंगे। वहीं करीब 7,500 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि अधिकांश फ्लैटों से हरियाली का दृश्य दिखाई देगा।

अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद यह लखनऊ में किफायती और आधुनिक आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक बड़ा विकल्प बन सकती है।

Also Read: यूपी के 18 शहरों में दौड़ेंगी 1725 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें, कमर्शियल वाहनों को टैक्स में भारी राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.