1200 करोड़ी ‘वाराणसी’ के सेट से लीक हुई तस्वीर! श्रीराम के अवतार में दिखे महेश बाबू
Entertainment News: एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
करीब 1200 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस फिल्म के सेट से बताई जा रही एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें अभिनेता महेश बाबू श्रीराम के अवतार में नजर आ रहे हैं।
तस्वीर सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह के साथ-साथ सवाल भी खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल फिल्म की शूटिंग तेजी से चल रही है और मेकर्स इसे सितंबर-अक्टूबर तक पूरा करने की योजना में हैं।
इससे पहले अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने खुलासा किया था कि फिल्म के एक सीन को करीब 100 टेक में पूरा किया गया, जिसकी खूब चर्चा हुई थी।
वायरल तस्वीर को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह फिल्म के सेट की है। तस्वीर में एक गांव का सेट, कुटिया, बड़ी लाइट्स और शूटिंग टीम के सदस्य नजर आ रहे हैं।

महेश बाबू के हाथ में धनुष दिखाई दे रहा है, जिससे लोग उन्हें श्रीराम के रूप में पहचान रहे हैं। हालांकि, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तस्वीर को AI से बनी हुई बताया है।
दरअसल, फिल्म ‘वाराणसी’ में 25 से 30 मिनट का एक विशेष ‘रामायण’ एपिसोड होने की चर्चा है, जिसमें भगवान राम और कुंभकरण के बीच युद्ध दिखाया जाएगा।
कहा जा रहा है कि इस हिस्से की शूटिंग में करीब 60 दिन लगे हैं। इसी कारण कुछ लोग मान रहे हैं कि तस्वीर इसी एपिसोड से जुड़ी हो सकती है।
वहीं, कई यूजर्स ने तस्वीर में दाढ़ी जैसे लुक को लेकर सवाल उठाए और इसे फर्जी बताया। फिलहाल मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वायरल तस्वीर सच है या किसी फैन की कल्पना।

