अयातुल्लाह अली खामेनेई की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा कारणों से नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ने बनाई दूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई को आखिरी विदाई देने के लिए राजधानी तेहरान समेत पूरे देश में शोक की लहर है। तेहरान के मुख्य प्रार्थना स्थल ‘ग्रैंड मोसल्ला’ मैदान में अपने नेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए लाखों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। तड़के 6 बजे से ही लोगों के लिए दरवाजे खोल दिए गए थे, और यह विदाई समारोह आगामी 9 जुलाई को उनके सुपुर्द-ए-खाक (दफनाए जाने) तक जारी रहेगा।

इस बेहद भावुक और संवेदनशील माहौल के बीच, अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे और ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने खुद को इस मुख्य कार्यक्रम से दूर रखा है। खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा कारणों और अमेरिका-इजराइल के संभावित हमले की आशंका को देखते हुए मोजतबा खामेनेई को सार्वजनिक मंचों से दूर रखा गया है।

ग्रैंड मोसल्ला धार्मिक परिसर में जुटे हजारों-लाखों लोगों के हाथों में लाल झंडे दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें शिया परंपरा में अन्याय के खिलाफ बदले का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ लगातार अमेरिका मुर्दाबाद और बदला, बदला के गगनभेदी नारे लगा रही है। अंतिम विदाई के इस सिलसिले को देखते हुए पड़ोसी देश इराक की राजधानी बगदाद में वहां के गवर्नर अतवान अल-अतवानी ने आधिकारिक तौर पर बंद की घोषणा की है, क्योंकि खामेनेई का अंतिम संस्कार जुलूस ईरान के अलावा इराक के भी कई प्रमुख शिया धार्मिक शहरों से होकर गुजरेगा।

इस वैश्विक शोक सभा में दुनिया के कई बड़े नेता भी तेहरान पहुंच रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत के रूप में पूर्व राष्ट्रपति और रूसी सुरक्षा परिषद के डिप्टी चेयरमैन दिमित्री मेदवेदेव तेहरान पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहां ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने उनकी अगवानी की।

इसके अलावा, खाड़ी देशों के साथ अतीत के सैन्य तनावों को दरकिनार करते हुए सऊदी अरब के उप-विदेश मंत्री वलीद अल-खिरेजी ने भी अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचकर अयातुल्लाह अली खामेनेई को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दी।

Also Read: 1200 करोड़ी ‘वाराणसी’ के सेट से लीक हुई तस्वीर! श्रीराम के अवतार में दिखे महेश बाबू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.