MP: ग्वालियर में मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन ट्रक से टकराया, 8 की मौत, 25 घायल
Gwalior Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में देर रात मजदूरों से भरे लोडिंग वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पलट गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा रात करीब 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-79 पर छमका के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, मजदूर डबरा क्षेत्र के चनोर में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम खत्म होने के बाद वे लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, कई की हालत गंभीर
टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायलों को ग्वालियर के जय आरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत स्थिर है, जबकि कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। कई घायलों के परिजनों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है, इसलिए मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
5 की मौत पहले, 3 ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
पुलिस अधिकारी राम महेश यादव ने बताया कि हादसे के बाद पांच लोगों की मौत गोहद अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई थी। वहीं, करीब 25-26 घायलों को ग्वालियर भेजा गया, जिनमें से तीन और लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। पुलिस अभी आंकड़ों की पुष्टि में जुटी है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़ लिया है। उसके चालक के भी घायल होने की बात सामने आई है। हादसे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Also Read: राम मंदिर दान चोरी: SIT की अंतिम रिपोर्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चीट

