‘दलितों और ओबीसी के प्रति प्रेम छलावा’, मायावती का कांग्रेस पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्र सरकार के जातीय जनगणना कराने के निर्णय पर कांग्रेस द्वारा धन्यवाद रैली निकालने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मायावती ने कहा कि कांग्रेस केंद्र सरकार के निर्णय का श्रेय लेना चाहती है, लेकिन वह भूल गई है कि दलित और ओबीसी समाज को आरक्षण और उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखने में उसका इतिहास एक काला अध्याय है। इसी कारण उसे सत्ता भी गंवानी पड़ी।

मायावती ने अपने पोस्ट में लिखा, “दलित और ओबीसी समाज के प्रति अचानक उमड़ा प्रेम कांग्रेस का छलावा है। वोट के स्वार्थ में यह अवसरवादी राजनीति है। आरक्षण को निष्क्रिय बनाकर इसको खत्म करने की कांग्रेस की मंशा को भुलाया नहीं जा सकता। हालांकि आरक्षण एवं संविधान के जनकल्याणकारी उद्देश्यों को फेल करने में भाजपा भी कांग्रेस से कम नहीं है। इस मामले में दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं।”
बसपा सुप्रीमो ने आगे कहा कि वोट के स्वार्थ और सत्ता के लालच के कारण भाजपा को जातीय जनगणना की जन आकांक्षा के आगे झुकना पड़ा है। भाजपा के इस निर्णय का स्वागत है। हालांकि, डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित करने से लेकर ओबीसी को आरक्षण देने तक के मामलों में कांग्रेस और भाजपा का रवैया जातिवादी और द्वेषपूर्ण रहा है। इनके वोट की राजनीति के खेल निराले हैं। लोग इनसे सावधान रहें।
Also Read: राजस्व वादों का हो समयबद्ध निस्तारण, तेज करायें लैंड रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण: CM योगी

