Lucknow: 16 वर्षीय किशोरी ने की सुसाइड की कोशिश, डायल 112 में तैनात सिपाही पर FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में हैरतअंगेज घटना सामने आई है, जहां एक 16 साल की किशोरी ने अपने घर की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल किशोरी को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता के परिवार ने इस आत्मघाती कदम के पीछे एक पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि उनके पड़ोसी, जो पेशे से सिपाही हैं, काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, बीबीडी थाना क्षेत्र के तारा का पुरवा इलाके में रहने वाली किशोरी के पड़ोस में यूपी-112 में तैनात सिपाही मुकेश यादव का मकान निर्माणाधीन है। पड़ोसी होने के नाते दोनों परिवारों में आना-जाना था, लेकिन इसी दौरान मुकेश यादव किशोरी पर बुरी नजर रखने लगा और उस पर अशोभनीय व्यवहार करने लगा।
किशोरी के पिता ने बताया कि मुकेश यादव की लगातार छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह खौफनाक कदम उठाया।
इस मामले में बीबीडी थाने के इंस्पेक्टर ने जानकारी दी है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही मुकेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
Also Read: लखनऊ में बढ़ा कोरोना का खतरा, 24 घंटे में 8 नए मामले, KGMU की डॉक्टर और छात्र शामिल

