लखनऊ एयरपोर्ट ने रचा इतिहास, देश का पहला ‘ईट राइट कैंपस’ बनने का मिला सम्मान
Lucknow Airport News: लखनऊ एयरपोर्ट ने एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए भारत का पहला ऐसा एयरपोर्ट बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिसे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से ‘ईट राइट कैंपस’ प्रमाणन मिला है।
अब यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन का भरोसा भी मिलेगा। एफएसएसएआई ने यह प्रमाणन 24 मार्च 2026 से 23 मार्च 2028 तक दो वर्षों के लिए दिया है। साथ ही एयरपोर्ट को खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के उत्कृष्ट पालन के लिए 3-स्टार रेटिंग भी प्रदान की गई है।

कड़े मूल्यांकन के बाद मिली बड़ी उपलब्धि
यह प्रमाणपत्र अपर जिलाधिकारी, लखनऊ (पूर्वी) महेंद्र पाल सिंह ने एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंपा। यह सम्मान एक स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद दिया गया, जिसमें एयरपोर्ट परिसर के सभी फूड आउटलेट्स और खाद्य सेवा प्रदाताओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
ऑडिट के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन की उपलब्धता, खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल, स्थानीय और मौसमी खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने तथा यात्रियों और फूड हैंडलर्स के बीच जागरूकता जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों की जांच की गई।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि लखनऊ एयरपोर्ट केवल यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव देने के लिए भी लगातार काम कर रहा है।

