लखनऊ में चेन लूटकर भाग रहा था बदमाश, पुलिसकर्मी ने पत्थर खाकर भी नहीं छोड़ा

Lucknow News: लखनऊ में रक्षाबंधन के दिन महिला से चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई। 28 अगस्त को त्योहार के चलते शहर में भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका थी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

इसी दौरान करीब 12:30 बजे मड़ियांव ढाल पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे आरक्षी नवीन चौधरी ने एक बदमाश को महिला से चेन छीनकर भागते देखा। नवीन ने तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना आरोपी को पकड़ लिया।

पत्थर से किया हमला, फिर भी नहीं छोड़ा

पकड़े जाने के दौरान आरोपी ने भागने के लिए नवीन के चेहरे पर पत्थर से हमला कर दिया। इससे उनकी नाक पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। चोट के बावजूद आरक्षी ने आरोपी को नहीं छोड़ा। उन्होंने उसे काबू में रखा और संबंधित थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

अस्पताल में लगे दो टांके

घायल नवीन चौधरी को इलाज के लिए हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी नाक पर दो टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

पुलिस आयुक्त ने नवीन के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें 10 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की है। साथ ही कमेंडेशन डिस्क के लिए उनका नाम प्रस्तावित किया गया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.