हरदोई में घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटा मिला हैंड ग्रेनेड, गांव में मचा हड़कंप

Hardoi News: हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में संदिग्ध हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। यह विस्फोटक गांव के रहने वाले सतीश के घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटा मिला। इसे देखते ही परिवार घबरा गया और पुलिस को सूचना दी गई।

बताया गया कि रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने सतीश के घर के अंदर पॉलीथिन फेंकी थी। परिवार ने उसे सामान्य सामान समझकर बाहर कर दिया था। सुबह जब पैकेट खोला गया तो अंदर हैंड ग्रेनेड देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों की जुटी भीड़, पुलिस ने किया अलर्ट

हैंड ग्रेनेड की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग खतरे से अनजान होकर संदिग्ध वस्तु के आसपास भी जमा हो गए। पुलिस ने लोगों को तुरंत वहां से दूर किया और इलाके को सुरक्षित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। सीओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि टीम मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड की जांच कर रही है और उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई में जुटी है।

किसने फेंका, पुलिस कर रही जांच

सीओ ने कहा कि यह बड़ा सवाल है कि हैंड ग्रेनेड घर के अंदर कैसे पहुंचा और इसे किसने फेंका। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों के आरोपों के साथ पुरानी रंजिश के एंगल को भी देखा जा रहा है।

फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई है। टीम हरपालपुर कोतवाली पहुंच चुकी है, जहां हैंड ग्रेनेड रखा गया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.