लखनऊ: बीकेटी में संविदा कर्मी की गोली मारकर हत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस की तीन टीमें
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के बीकेटी (बख्शी का तालाब) थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस लाइन में कार्यरत एक संविदा कर्मी प्रदीप गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रदीप का लहूलुहान शव आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन पर मिला। पुलिस को मौके से शराब के पाउच और दो गिलास बरामद हुए हैं, जिससे हत्या के पीछे किसी करीबी का हाथ होने और शराब पार्टी के दौरान विवाद होने का संदेह गहरा गया है।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान प्रदीप गौतम (32), मूल निवासी मामपुर बाना गाव, बीकेटी के रुप में हुई है। वह लखनऊ पुलिस लाइन में बायो प्लांट में संविदा कर्मी थे और पत्नी चांदनी व दो बच्चों के साथ वहीं रहते थे। ये घटना बीकेटी में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन पर शनिवार रात करीब 9:30 बजे पर घटी। डीसीपी उत्तरी के अनुसार, गंभीर अवस्था में प्रदीप को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप के साले हिमांशु ने बताया कि प्रदीप शाम 5:30 बजे बाइक से गांव आए थे और पिता से मिलकर तुरंत निकल गए थे। पुलिस को मौके से शराब के दो गिलास और पाउच मिले हैं। हालांकि, देर रात तक कोई खोखा (कारतूस का खाली खोल) बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने लूट की आशंका से इनकार किया है।
जांच और संदिग्धों से पूछताछ
हत्याकांड के खुलासे के लिए डीसीपी उत्तरी ने तीन टीमों का गठन किया है। क्राइम ब्रांच, एलआईयू और स्थानीय पुलिस छानबीन में जुटी है। सर्विलांस टीम प्रदीप के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है। पुलिस का मानना है कि किसी करीबी ने प्रदीप को शराब पीने के लिए बुलाया था और पार्टी के दौरान हुए विवाद में उनकी हत्या की गई होगी। परिजनों ने अभी तक किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तहरीर लेकर केस दर्ज किया जाएगा और घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।
Also Read: लखनऊ: डीएम आवास के पास कार में युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

