Lucknow: मृत पड़े थे पिता, कलयुगी बेटे ने जायदाद के लालच में कफन खोलकर शव से लगवाया अंगूठा
Lucknow News: लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र के खड़ौहा गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता की मौत के बाद उनके शव से सादे कागज पर अंगूठे का निशान लगवाया गया। दावा है कि यह सब जमीन के लालच में किया गया।
मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसे ग्रामीणों ने कथित तौर पर चोरी से रिकॉर्ड किया था। वीडियो में मृतक के अंगूठे का निशान कागज पर लगवाते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद गांव में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बेटा-बहू से नाराज होकर बेटियों को दी थी जमीन
परिजनों के मुताबिक, खड़ौहा निवासी छत्रपाल और उनकी पत्नी शिवदेवी के साथ उनके बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी का विवाद चल रहा था। आरोप है कि वर्ष 2023 में बुजुर्ग दंपती को पैतृक घर से निकाल दिया गया था।
इसके बाद दोनों बुजुर्ग रिश्तेदारों के यहां रहने लगे। साल 2024 में वे अपनी बड़ी बेटी सुमन के घर Lucknow चले गए। परिजनों का कहना है कि छत्रपाल के पास करीब साढ़े छह बीघा जमीन थी, जिसमें से उन्होंने अपनी तीन बेटियों को एक-एक बीघा जमीन दे दी थी। बेटे और बहू से नाराजगी के चलते उन्हें सार्वजनिक सूचना के जरिए संपत्ति से बेदखल किए जाने की बात भी सामने आई है।
बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को पिता की तबीयत बिगड़ी थी। इसकी जानकारी महेंद्र को भी दी गई। आरोप है कि महेंद्र और उसकी पत्नी अपने परिजनों के साथ पहुंचे और इलाज कराने की बात कहकर छत्रपाल को अपने साथ ले गए।
इसके दो दिन बाद, 9 जुलाई को 75 वर्षीय छत्रपाल की मौत हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और गाली-गलौज होने का आरोप है।
ग्रामीण बोले- बेटियों ने संभाला, बेटे ने क्या किया?
मृतक के शव से अंगूठा लगवाने की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि जिस पिता ने जिंदगी भर परिवार संभाला, उसकी मौत के बाद भी जमीन के लिए ऐसा करना बेहद शर्मनाक है।
ग्रामीणों ने मृतक की बेटियों की भी सराहना की और कहा कि बेटियों ने बुजुर्ग माता-पिता का सहारा बनकर उनकी देखभाल की, जबकि बेटे पर लगाए गए आरोपों ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
Also Read: Lucknow News: 12 साल की उम्र से पिता कर रहा था दुष्कर्म, मां ने कराया अबॉर्शन, FIR दर्ज

