लखनऊ: पूर्व DGP के घर लाखों की चोरी, जेवर-कैश और सीसीटीवी का DVR भी उखाड़ ले गए चोर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके में कर्नाटक के पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के घर लाखों रुपये की चोरी हो गई है। चोरों ने न केवल सोने-हीरे के लाखों रुपये के जेवरात और ₹2.25 लाख नकद चुराए, बल्कि अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी साथ ले गए।

बहू के विदेश जाने के बाद हुई वारदात

चोरी की यह घटना अलीगंज के सेक्टर-जी स्थित पूर्व डीजीपी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव के आवास पर हुई। घर में उनकी बहू डॉ. ऋषिका राज अपनी सास (डीजीपी की पत्नी) के साथ रहती हैं। डॉ. ऋषिका अपने पति और बच्चों के साथ 16 अक्टूबर को ओमान के सलाला शहर गई थीं। घर की देखरेख की जिम्मेदारी पुराने नौकर आकाश रावत को सौंपी गई थी। दिवाली पूजा के बाद आकाश भी 21 अक्टूबर को अपने गांव चला गया था।

रविवार सुबह जब नौकर आकाश रावत गाड़ी लेने के लिए घर पहुँचा, तो उसने देखा कि घर के कई ताले टूटे पड़े हैं और अंदर सामान बिखरा हुआ है। उसने तुरंत परिवार और रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी। सुबह करीब 9 बजे डॉ. ऋषिका राज जब विदेश से लौटीं, तो उन्होंने पाया कि अलमारी के ताले टूटे हुए हैं और लाखों का कीमती सामान गायब है।

चोरी हुए सामान का विवरण

  • चोरों ने घर से ₹2.25 लाख नकद, CCTV का DVR और एयरटेल एक्सट्रीम बॉक्स चोरी कर लिया। जेवरातों में निम्न सामान शामिल हैं।
  • सोने के 8 कंगन, 11 चेन, 4 कड़े, 2 लॉकेट, 5 बड़े सेट।
  • हीरे के 3 सेट, 2 बाजूबंद।
  • 24 झुमके और 40 ग्राम के सोने के सिक्के।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।

Also Read: मऊ: हिस्ट्रीशीटर राजेश सिंह उर्फ मंटू की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.