Lucknow में पेट्रोल-डीजल का काला खेल बेनकाब, टैंकर से चोरी कर साल्वेंट मिलाकर बेच रहा था गिरोह

Lucknow News: लखनऊ में पेट्रोल-डीजल में मिलावट और ईंधन की कालाबाजारी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन एथेनॉल शील्ड’ (Operation Ethanol Shield) के तहत मलिहाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल, भारी मात्रा में साल्वेंट, अपमिश्रित ईंधन और मिलावट में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, हाल के दिनों में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों के बीच जांच शुरू की गई थी। शुरुआती पड़ताल में आशंका जताई गई कि कई वाहनों में आ रही तकनीकी दिक्कतों के पीछे पेट्रोल-डीजल में अवैध मिलावट और ईंधन चोरी का संगठित नेटवर्क हो सकता है। इसी के बाद क्राइम ब्रांच ने विशेष अभियान चलाया।

टैंकर से रास्ते में निकाला जाता था पेट्रोल-डीजल

Lucknow पुलिस के अनुसार, एचपीसीएल (HPCL) के अमौसी टर्मिनल से विधानसभा मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के लिए निकला टैंकर रास्ते में मलिहाबाद के सन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास रोककर उससे ईंधन निकाला जा रहा था। मौके पर आबकारी विभाग की टीम को बुलाकर जांच कराई गई, जिसमें पेट्रोल-डीजल में मिलावट और अवैध भंडारण की पुष्टि हुई।

जांच में टैंकर के एक चैम्बर से करीब 250 लीटर पेट्रोल कम मिला। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह रास्ते में ईंधन निकालकर करीब 75 रुपये प्रति लीटर की दर से बेच देता था। खरीदा गया पेट्रोल-डीजल बाद में साल्वेंट मिलाकर स्थानीय ग्राहकों को ऊंचे दाम पर बेचा जाता था।

हजारों लीटर ईंधन और साल्वेंट बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से:

  • 7,750 लीटर पेट्रोल
  • 4,000 लीटर डीजल
  • करीब 1,150 लीटर मिलावटी पेट्रोल
  • करीब 3,200 लीटर साल्वेंट
  • टैंकर से निकाला गया 250 लीटर पेट्रोल
  • प्लास्टिक कैन, पाइप, डिप रॉड, मास्टर चाबी, मापक सहित अन्य उपकरण बरामद किए।

चार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

Lucknow में पेट्रोल-डीजल का काला खेल बेनकाब, टैंकर से चोरी कर साल्वेंट मिलाकर बेच रहा था गिरोह

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैंकर चालकों और स्थानीय कारोबारियों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Lucknow क्राइम ब्रांच का कहना है कि ‘ऑपरेशन एथेनॉल शील्ड’ (Operation Ethanol Shield) के जरिए पेट्रोल-डीजल में मिलावट, ईंधन चोरी और कालाबाजारी जैसे संगठित अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके और इथेनॉल मिश्रित ईंधन नीति को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी रोक लगाई जा सके।

Also Read: लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.