लखनऊ: मंदिर विवाद में दबंगों की बर्बरता, लड़की को सरेआम बाल पकड़कर घसीटा, 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के वजीरगंज इलाके के रकाबगंज शास्त्रीनगर में दबंगों की बर्बरता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक प्राचीन मंदिर पर कब्जे के पुराने विवाद को लेकर पड़ोसी युवकों ने एक लड़की को सरेआम बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। जब लड़की की मां बीच-बचाव करने आईं, तो दबंगों ने उन्हें भी डंडों से बुरी तरह पीटा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कुल 21 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

वजीरगंज इलाके में अपने परिवार (पिता विमलेश, मां बीना और भाई हर्ष) के साथ रहने वाली पीड़िता शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में घटना की पूरी जानकारी दी। शिवानी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब वह मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थी, तो उसे कुछ पड़ोसी युवक आते दिखे। जब वह सब्जी के ठेले की आड़ में रुकने लगी, तभी विरेंद्र द्विवेदी और उसके साथी पन्ना, रिंकू, राम कुमार और शशांक ने उसे घेर लिया।

दबंगों ने शिवानी की चोटी पकड़कर उसे जमीन पर घसीटा और पिटाई की, जिससे उसके कपड़े फट गए। चीख-पुकार सुनकर जब शिवानी की मां बीना बचाव के लिए आईं, तो दबंगों ने उन्हें डंडे से बेरहमी से पीटा। इसके बाद हमलावर घर में घुस गए और घरेलू सामान बाहर फेंकने लगे।

मंदिर कब्जे का विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरा विवाद प्राचीन झम्मनदास लोध मंदिर पर कब्जे को लेकर चल रहा है। पीड़िता शिवानी के परिवार का दावा है कि उनके पूर्वज मंदिर परिसर में रहते थे, जबकि आरोपी पक्ष भी मंदिर पर अपना दावा जताता है। इसी कारण दोनों पक्षों में आए दिन झगड़ा होता रहता है। घटना के समय मौजूद भीड़ ने डर के मारे बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटाई।

पुलिस की कार्रवाई

इस जघन्य वारदात के बाद पीड़िता शिवानी की शिकायत पर वजीरगंज थाने में 15 नामजद समेत कुल 21 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को अहम सबूत मानते हुए पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Also Read: बलरामपुर: खलिहान पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट में 6 से अधिक घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.