भैंस छोड़ने के बदले मेयर मांग रहीं 1 लाख का घूस, अवैध डेयरी एक्शन पर सपा का बड़ा आरोप
Lucknow News: लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मेयर सुषमा खर्कवाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सपा ने मेयर पर लगाया घूस मांगने का आरोप
सपा मीडिया सेल ने एक्स पर दावा किया कि अवैध डेयरियों से जब्त की गई प्रति भैंस को छोड़ने के बदले 1 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया गया कि कथित रकम में उनका कितना हिस्सा है। सपा ने मेयर और मुख्यमंत्री के उत्तराखंड से होने का जिक्र करते हुए भी आरोप लगाए हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हुआ था हमला
दरअसल, पारा में अवैध डेयरी के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान टीम पर पथराव किया गया। बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल पर लोहे की चेन और डंडों से हमला करने का भी आरोप है। मामले में दो महिलाओं समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 20 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सपा विधायक ने भी उठाए सवाल
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया कि अभियान के दौरान करीब 350 गाय और भैंस पकड़ी गई हैं। उन्होंने पशुओं को रखने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कम क्षमता वाली जगह पर बड़ी संख्या में भैंस रखी गई हैं और पर्याप्त चारा नहीं दिया जा रहा।
विधायक ने भी पशु छोड़ने के बदले 1 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। वहीं, कार्रवाई के बाद पुलिस और नगर निगम ने पीएसी समेत भारी बल के साथ अभियान तेज किया है।
Also Read: बृजभूषण शरण सिंह को देख मदरसे के बच्चों ने लगाए ‘शेर आया’ शेर आया’ के नारे, वीडियो वायरल

