‘मुझे पूजा करने से किसी ने नहीं रोका’, शीतला माता मंदिर पहुंचकर बोले सूरज पासी
Lucknow News: लखनऊ के काकोरी स्थित शीतला देवी मंदिर में पूजा को लेकर उठे जातिगत भेदभाव के आरोपों के बीच शुक्रवार को लखन आर्मी चीफ सूरज पासी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देवी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ मंदिर प्रबंधन से जुड़े सदस्य भी मौजूद रहे।
पूजा के बाद सूरज पासी ने कहा कि उन्हें मंदिर में प्रवेश करने या पूजा करने से किसी ने नहीं रोका। उन्होंने कहा कि मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल के साथ जो कुछ हुआ, वह उनका व्यक्तिगत मामला हो सकता है। इसे पूरे समाज से जोड़ना उचित नहीं है।
बोले- समाज को बार-बार विवाद में घसीटा जा रहा
सूरज पासी ने कहा कि उनके समाज को लगातार विवादों में घसीटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके समाज को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे राजनीति और भेदभाव का गलत तरीका बताया। साथ ही कहा कि ऐसी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। सूरज पासी ने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी और बेवजह का विवाद खत्म हो सकेगा।
विधायक ने लगाया था दुर्व्यवहार का आरोप
दरअसल, मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल ने आरोप लगाया था कि मंदिर में पूजा के दौरान उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और उन्हें पूजा करने से रोका गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने भी मामले को गंभीर बताते हुए प्रतिक्रिया दी थी। हालांकि, मंदिर प्रबंधन ने जातिगत भेदभाव के आरोपों से इनकार किया है। अब सूरज पासी के मंदिर पहुंचकर पूजा करने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
Also Read: कैमराजीवी ड्रामा’ कर रहे राहुल गांधी, धरने पर भड़के नड्डा, बोले- देश देख रहा सस्ती राजनीति

