UP में 44 दिग्गज नेताओं की सुरक्षा सख्त, मायावती-अखिलेश समेत मंत्रियों को मिलेगी बुलेटप्रूफ जैकेट

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच योगी सरकार ने राजनीतिक हस्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। खुफिया एजेंसियों के इनपुट और संभावित खतरों के विस्तृत आकलन के बाद, राज्य के 44 प्रमुख नेताओं की सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया है। इस कदम के तहत बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज चेहरों को विशेष बुलेटप्रूफ जैकेट मुहैया कराई जाएगी।

10 लाख रुपये में सुरक्षा मुख्यालय ने खरीदीं विशेष जैकेट्स

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा मुख्यालय ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से इन अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ जैकेट्स की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह सुविधा किसी एक दल तक सीमित न रखकर दलीय राजनीति से ऊपर उठकर दी जा रही है। सुरक्षा सूची में योगी मंत्रिमंडल के 11 प्रमुख मंत्रियों जैसे संजय निषाद और नंद गोपाल गुप्ता नंदी के अलावा विपक्ष के प्रमुख चेहरों और संगीत सोम व सुरेश राणा जैसे नेताओं तथा चुनिंदा विधायकों को शामिल किया गया है, जिन्हें Y और Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

रैलियों और रोड-शो में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर उठाया गया एहतियाती कदम

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्यभर में बड़े पैमाने पर जनसभाओं, रैलियों और रोड-शो का दौर शुरू होने वाला है। इन कार्यक्रमों में जुटने वाली भारी भीड़ और जनसंपर्क के दौरान किसी भी अनहोनी या हमले की आशंका को टालने के लिए पुलिस व खुफिया तंत्र की सलाह पर यह एहतियाती व्यवस्था की गई है। हालांकि, सुरक्षा प्रोटोकॉल और रणनीतिक कारणों का हवाला देते हुए शासन या सुरक्षा मुख्यालय की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।

Also Read: ‘मुझे पूजा करने से किसी ने नहीं रोका’, शीतला माता मंदिर पहुंचकर बोले सूरज पासी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.