लखनऊ में 45 बीघा में 8 अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, LDA का बड़ा एक्शन

Lucknow News: लखनऊ में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। चिनहट और बीकेटी क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 45 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही 8 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 और जोन-4 की टीमों ने यह कार्रवाई की।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि चिनहट के ग्राम मेहोरा में करीब 35 बीघा क्षेत्र में 6 अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। ये प्लाटिंग मोहन, राज, धर्मवीर, राजवीर, विजय कुमार, ओमप्रकाश और अन्य लोगों द्वारा की जा रही थीं।

LDA के मुताबिक, इन प्लाटिंग का ले-आउट प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसी के चलते इनके खिलाफ निर्धारित न्यायालय ने ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए थे।

बीकेटी में 10 बीघा की 2 प्लाटिंग पर कार्रवाई

प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि बीकेटी के ग्राम इंदौराबाग और ग्राम रामपुर देवरई में भी अभियान चलाया गया। यहां प्रज्जवल सिंह चौहान, कृष्ण कुमार अग्रवाल और अन्य लोगों द्वारा करीब 10 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही 2 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

एलडीए अधिकारियों के अनुसार, दोनों जोन में हुई कार्रवाई के दौरान कुल करीब 45 बीघा क्षेत्र में की जा रही 8 अवैध प्लाटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

Also Read: ‘PDA का उत्पीड़न जारी, उपलब्धियों के नाम पर भाजपा दिवालिया’, अखिलेश का BJP पर बड़ा हमला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.