देश में लखनऊ की हवा सबसे साफ, 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में नंबर-1

Lucknow News: राजधानी लखनऊ ने स्वच्छ वायु के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत हुए स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। बेहतर प्रदर्शन के लिए नगर निगम को 1.50 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है।

पेपर मिल कॉलोनी वार्ड भी देश में नंबर-1

लखनऊ के जोन-4 के वार्ड नंबर-70 पेपर मिल कॉलोनी ने भी राष्ट्रीय स्तर पर बाजी मारी है। 30 हजार से ज्यादा आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में पेपर मिल कॉलोनी को देश का सबसे अच्छा वार्ड चुना गया है। इसके लिए वार्ड को 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।

यह सम्मान नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने पुरस्कार ग्रहण किया।

महापौर बोलीं- यह पूरे लखनऊ की उपलब्धि

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान मिलना पूरे लखनऊ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, नगर विकास मंत्री के मार्गदर्शन, नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सहयोग को दिया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ नगर निगम का नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ की जनता का है। नगर निगम आगे भी शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए काम करता रहेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.