लखनऊ में रॉन्ग साइड पर टोकने पर बुजुर्ग की हत्या, शव वाहन के आगे लेटकर रोता रहा बेटा, आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आने पर टोकना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। शनिवार को ठेले वाले ने चाकू से हमला कर मगन बिहारी तिवारी की हत्या कर दी थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी राजकुमार उर्फ मलाई (40) को गिरफ्तार कर लिया। वह लखीमपुर खीरी का रहने वाला है और हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।

पोते को बचाने आए थे मगन बिहारी

भरतनगर निवासी मगन बिहारी तिवारी अपने पोते संकल्प के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। मड़ियांव थाने के सामने एक ठेला रॉन्ग साइड से आ गया। संकल्प ने ठेले वाले को टोक दिया। इस पर आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया।

पोते को बचाने के लिए मगन बिहारी बाइक से उतर आए। आरोपी ने संकल्प को छोड़कर बुजुर्ग पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उनके पेट और सीने पर पांच बार चाकू मारा गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अंतिम यात्रा में बेटे ने रोका शव वाहन

रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मगन बिहारी का बेटा शव वाहन के सामने लेट गया और सीना पीटकर रोने लगा। परिवार कार्रवाई की मांग कर रहा था। सुरक्षा के लिए मड़ियांव और सैरपुर थाने की पुलिस के साथ पीएसी तैनात रही। समझाने के बाद अंतिम यात्रा आगे बढ़ी।

आरोपी पर आठ मुकदमे दर्ज

एडीसीपी नॉर्थ नवीन कुमार ने बताया कि आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और रेप समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। 2019 में हत्या के मामले में नाम आने के बाद वह लखीमपुर से फरार था। शनिवार देर रात सपा नेत्री पूजा शुक्ला भी परिवार से मिलीं और सहायता का आश्वासन दिया।

Also Read: रायबरेली में शिव महापुराण कथा में पहुंचे CM योगी, सुनाया अकबर-तुलसीदास का किस्सा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.