Lucknow News: नाबालिग से गैंगरेप का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, 25 हजार का था इनाम

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजेंद्र कश्यप उर्फ बाबू के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश राजेंद्र कश्यप उर्फ बाबू (पुत्र मैकूलाल, निवासी हरौनी) बंथरा इलाके में एक नाबालिग दलित छात्रा से हुए गैंगरेप का मुख्य आरोपी है।

ऐसे हुई मुठभेड़

डीसीपी अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम भटगांव पांडे से हुल्लासखेड़ा मार्ग पर नियमित चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पैदल आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। संदिग्ध व्यक्ति मुड़कर भागने लगा, जिसका पुलिस ने पीछा किया। पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। घायल बदमाश को तुरंत गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी सरोजनी नगर में भर्ती कराया गया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है।

नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला

यह पूरी घटना बंथरा इलाके की है। डीसीपी ने बताया कि 11 अक्टूबर की दोपहर 17 वर्षीय दलित छात्रा अपनी बड़ी बहन से मिलने निकली थी। रास्ते में उसने अपने परिचित युवक को बुलाया।

दोनों बाइक से मोहान रोड स्थित हरौनी पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर एक आम के बाग में बात कर रहे थे। तभी पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे और छात्रा के परिचित को पीटकर भगा दिया। इसके बाद पांचों आरोपियों ने नशे की हालत में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों विशाल गुप्ता, राजेंद्र कश्यप उर्फ बाबू (गिरफ्तार), मेराज, ललित और शिव कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

दो अन्य आरोपी पहले गिरफ्तार

डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि राजेंद्र कश्यप उर्फ बाबू के दो अन्य साथियों ललित कश्यप (33) और मेराज (20) को पुलिस की दूसरी टीम पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस ने बताया कि गैंगरेप के शेष दो आरोपी विशाल गुप्ता और शिव कश्यप की तलाश की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

Also Read: दिवाली से पहले यूपी के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में हुई बढोत्तरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.