लखनऊ: फ़र्ज़ी IRS अफ़सर बनकर CM माणिक साहा से मिलने पहुंचा शख्स गिरफ्तार, ऐसे खुली पोल

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के विभूति खंड स्थित होटल मैरिएट में एक व्यक्ति को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से खुद को IRS अफ़सर बताकर मिलने की कोशिश करने पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति सिविल सेवा परीक्षा में असफल होने के बाद ठगी के लिए फ़र्ज़ी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था।

ठगी और गिरफ़्तारी का घटनाक्रम

मिली जानकारी के अनुसार प्रशांत मोहन, मूल रूप से बिहार का निवासी, जो दिल्ली में UPSC कोचिंग पढ़ाता था। वह खुद को वित्त मंत्रालय में तैनात एडिशनल कमिश्नर बताता था। प्रशांत मोहन 30 अक्टूबर से होटल मैरिएट में ठहरा था। जब 31 अक्टूबर को उसी फ़्लोर पर मुख्यमंत्री माणिक साहा ठहरे, तो उसने उनसे मिलने की योजना बनाई। प्रशांत मोहन ने सुरक्षाकर्मियों को IRS और IAS के फ़र्ज़ी आईकार्ड दिखाकर मिलने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना लखनऊ पुलिस को दी। पुलिस ने उसे चेक आउट करते समय दबोच लिया।

तो वहीं पकड़े जाने पर आरोपी ने अचानक हार्ट अटैक आने का ड्रामा किया। पुलिस उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी तबियत ठीक होने की पुष्टि की। इसके बाद उसे थाने लाया गया और जेल भेज दिया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी लाल-नीली बत्ती लगी कार से आया था (जिसका ड्राइवर पुलिस को देखकर भाग गया)। वह होटल स्टाफ पर लखनऊ पुलिस कमिश्नर का रिश्तेदार बताकर रौब झाड़ता था।

पुलिस की पूछताछ में प्रशांत मोहन ने बताया कि वह बड़े राजनेताओं से मिलकर उनके साथ फोटो खिंचवाता था। बाद में, इन फ़ोटो को दिखाकर लोगों को झांसे में लेता था और सरकारी काम कराने का झांसा देकर उनसे ठगी करता था। वह सीएम माणिक साहा से भी फोटो खिंचवाने के इरादे से मिलने गया था।

बरामदगी

पुलिस ने उसके पास से IRS और IAS के फ़र्ज़ी आईकार्ड, विज़िटिंग कार्ड, आई फ़ोन, आधार/पैन कार्ड और एक ट्रॉली बैग बरामद किया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच के लिए दिल्ली और बिहार पुलिस से संपर्क कर रही है।

Also Read: राजस्थान: फलौदी में बड़ा सड़क हादसा, ट्रक में घुसा तेज़ रफ़्तार टेंपो, 15 श्रद्धालुओं की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.