Lucknow News: बैकुंठधाम में अंतिम संस्कार बुकिंग के नाम पर 22 हजार की वसूली

Lucknow News: लखनऊ में बैकुंठधाम विद्युत शवदाह गृह के नाम पर एक नई ठगी का खेल सामने आया है। नगर निगम की मुफ्त अंतिम संस्कार सेवा का फायदा उठाकर कुछ ऑनलाइन एजेंसियां लोगों से हजारों रुपये वसूल रही हैं। निगम की जांच में यह पूरा रैकेट फरीदाबाद से संचालित पाया गया है, जो स्थानीय दुकानदारों के साथ मिलकर कमाई का खेल खेल रहा था।

ऑनलाइन एजेंसी ने वसूले 22 हजार रुपये

नगर निगम के पर्यवेक्षक रवि सिंह ने बताया कि निगम की ओर से किसी भी प्रकार की ऑनलाइन या ऑफलाइन बुकिंग व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद “लास्ट जर्नी” नाम की एक ऑनलाइन एजेंसी लोगों से 22,000 रुपये तक वसूल रही थी। मामला तब सामने आया जब महानगर निवासी व्यक्ति ने शिकायत की कि उनके परिचित, रिटायर्ड कर्नल मनोज पंत से एजेंसी ने बैकुंठधाम की बुकिंग के लिए मोटी रकम ली।

जांच में पता चला कि यह एजेंसी फरीदाबाद से संचालित होती है। रवि सिंह ने खुद ग्राहक बनकर एजेंसी से संपर्क किया तो प्रतिनिधि ने 22 हजार रुपये का पैकेज बताया और पूजन सामग्री की सूची भेजी। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि एजेंसी डालीगंज के एक अंतिम संस्कार सामग्री विक्रेता के साथ कमीशन पर काम कर रही है।

Lucknow News: बैकुंठधाम में अंतिम संस्कार बुकिंग के नाम पर 22 हजार की वसूली

कमीशन पर चल रहा था ठगी का नेटवर्क

एजेंसी ग्राहक से पहले ही 10,000 रुपये अग्रिम रूप से जमा कराती थी और फिर स्थानीय दुकानदार को काम सौंप देती थी। इस रकम से गाड़ी, लकड़ी और पूजन सामग्री की व्यवस्था कराई जाती थी। जब रवि सिंह ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी, तो विक्रेता ने आगे से ऐसा काम न करने का लिखित आश्वासन दिया।

नगर निगम ने दी चेतावनी

वहीं नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी एजेंसी या वेबसाइट से बैकुंठधाम की ऑनलाइन बुकिंग न कराएं। निगम के मुताबिक, विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार पूरी तरह निशुल्क है। वहीं लकड़ी से अंतिम संस्कार कराने पर भी नगर निगम की ओर से कोई शुल्क नहीं लिया जाता। रवि सिंह के अनुसार, “गाड़ी, लकड़ी, पूजन सामग्री और सफाई का खर्च अधिकतम 10,000 रुपये तक ही आता है। कोई भी एजेंसी यदि इसके नाम पर पैसे मांगती है तो वह ठगी कर रही है।”

न बनें ऑनलाइन रैकेट का शिकार

यहां नगर निगम ने चेतावनी दी है कि ऐसे ऑनलाइन ठगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नगर निगम या पुलिस को दें। बैकुंठधाम में अंतिम संस्कार की कोई बुकिंग नहीं होती। यह सेवा पूरी तरह मुफ्त और सार्वजनिक है।

 

Also Read: Aligarh News: मंदिरों की दीवारों पर लिखा आई लव मोहम्मद, क्षेत्र में भारी तनाव, 8 लोगों पर FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.