Lucknow News: ‘ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट’ होगा वीर सावरकर के सपनों का स्मारक, भारत की सामरिक ताकत को मिलेगी मजबूती

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित वीर सावरकर जयंती महोत्सव में समाजसेवी टी. पी. पांडेय ने भारत की सामरिक और विकासात्मक नीतियों पर विस्तार से विचार रखे।

उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्र के सशक्तिकरण और समृद्धि की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं वीर सावरकर के वैचारिक चिंतन से प्रेरित हैं।

टी. पी. पांडेय ने करीब 80 हजार करोड़ रुपये की प्रस्तावित ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट को वीर सावरकर के सपनों का स्मारक बताया।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से ग्रेट निकोबार सिंगापुर की तर्ज पर एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में उभरेगा।

यहां प्रस्तावित ट्रांसशिपमेंट पोर्ट और ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का नागरिक और सैन्य, दोनों स्तरों पर उपयोग संभव होगा।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रेट निकोबार में भारत की सैन्य शक्ति के केंद्र के रूप में विकास होने से हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की ‘स्ट्रिंग ऑफ पर्ल्स’ रणनीति को प्रभावी चुनौती मिलेगी।

मलक्का जलडमरूमध्य, जिसे चीन ‘मलक्का दुविधा’ कहता है, उस पर भारत की निगरानी और नियंत्रण और अधिक मजबूत होगा, जिससे देश की सामरिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने समाजसेवी टी. पी. पांडेय को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया, जबकि सुनील देवधर ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री असीम अरुण, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी सहित भाजपा और सामाजिक संगठनों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन ‘माय होम इंडिया’ के तत्वावधान में किया गया।

Also Read: Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में एडवोकेट पर चाकू से हमला करने वाला बिलाल घोसी घायल, दोनों पैरों में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.