Lucknow News: नगर आयुक्त ने किया जोन-3 का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर लगा जुर्माना

Lucknow News: लखनऊ नगर निगम के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को जोन-3 का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों की स्थिति, अवैध अतिक्रमण और कूड़ा उठान से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अव्यवस्थाओं पर सख्त कार्रवाई की और संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए।

लापरवाही पर लगाया जुर्माना

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सेक्टर-एच पड़ाव और जोनल ऑफिस पड़ाव घर का जायजा लिया। इंजीनियरिंग कॉलेज पड़ाव से समय पर कूड़ा न उठने पर जेडएसओ को निर्देश दिए गए।

पुरनिया चौराहे के पास पंचायती राज कार्यालय के समीप कूड़े का ढेर देखकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। सेक्टर ओ की सड़कों पर सुबह 9 बजे तक कूड़ा न उठने पर संबंधित संस्था पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-ओ के पास चाय की दुकान द्वारा नालियों में कूड़ा डालने पर मौके पर 5,000 रुपये का चालान किया गया।

बेलीगरद गांव में नियमित सफाई न होने और कूड़ा गाड़ी न आने की शिकायत पर नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कलेक्शन शुरू कराया और संस्था पर 20,000 रुपये का अर्थदंड लगाया। साथ ही बीट इंचार्ज का वेतन बाधित करने के निर्देश जेडएसओ को दिए गए।

अतिक्रमण हटाने और वेंडिंग जोन की जांच

नावेल्टी सिनेमा के पीछे प्रगति मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से बनी दुकानों को हटाने के आदेश जोनल अधिकारी को दिए गए। बाजार में फैले कूड़े को लेकर वेंडरों पर चालान करने और एलएसए की गाड़ी समय पर भेजने के निर्देश सफाई निरीक्षक को दिए गए।

नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए ताकि दुकानदारों को असुविधा न हो।

इसके अलावा, जोनल ऑफिस और पुरनिया चौराहे के पास सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छ और सुचारू रखने, वेंडिंग जोन में दुकानों की जांच, गंदगी फैलाने पर चालान करने और डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ लखनऊ अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो भी अधिकारी या संस्था ढिलाई बरतेगी उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: पाकिस्तान सेना पर बड़ा आतंकी हमला, लेफ्टिनेंट कर्नल और मेजर समेत 11 सैनिक शहीद, इस संगठन ने ली जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.