Lucknow News: रिश्ते हुए तार-तार, भाई ने की भाई की हत्या, बंथरा पुलिस ने किया गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन के थाना बंथरा क्षेत्र में हत्या की एक सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।
हत्या में बदला झगड़ा
मामले की शुरुआत 29 मार्च 2026 की रात से हुई, जब वादिनी जसोदा ने थाना बंथरा में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटे सरवन और आलोक उर्फ गोलू के बीच रात में खाना खाते समय झगड़ा और मारपीट शुरू हो गई। काफी समझाने के बावजूद दोनों नहीं माने। इसी दौरान सरवन ने सब्बल से वार कर आलोक उर्फ गोलू की हत्या कर दी। इस तहरीर के आधार पर थाना बंथरा में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिया के पास से आरोपी की गिरफ्तारी
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम राधेखेड़ा की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुलिया के पास से आरोपी सरवन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वह सब्बल बरामद किया जिससे वार कर हत्या की गई थी। साथ ही घटना के समय पहनी गई उसकी शर्ट और बनियान, जो खून से सनी हुई थीं, भी बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना की रात करीब 9.30 बजे खाना खाते समय उसका अपने छोटे भाई आलोक उर्फ गोलू से विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान आलोक ने उसका सिर दीवार में मार दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद वह छत पर चला गया। थोड़ी देर बाद नीचे आकर उसने पास में रखे सब्बल से आलोक के चेहरे पर कई बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपने कपड़े उतारकर कमरे में रख दिए और सब्बल को किचन में छिपाकर फरार हो गया।
हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपी सरवन, जो पेशे से मजदूर है और खाण्डेदेव थाना बंथरा क्षेत्र का निवासी है, की उम्र 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। इस मामले में थाना बंथरा में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Also Read: Lucknow News: न्यायालय के आदेश पर नाका पुलिस ने वारंटी आरोपी को किया गिरफ्तार

