Lucknow News: IPL मैच को लेकर सख्त ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू, पुलिस की एडवाइजरी जारी

Lucknow News: आईपीएल-2026 के मैचों को लेकर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने शहर में व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। यह व्यवस्था मैच के दौरान लागू रहेगी और मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। पुलिस ने लोगों और दर्शकों से नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।

बसों और व्यावसायिक वाहनों पर प्रतिबंध

मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसों, प्राइवेट बसों और सभी तरह के व्यावसायिक वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। हालांकि निजी वाहन और किराये की टैक्सी चल सकेंगी। सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन कटाई पुल से मोड़े जाएंगे।

सिटी बसों के संचालन में बदलाव

सिटी बसों का संचालन जारी रहेगा, लेकिन हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर बसें नहीं रुकेंगी और सड़क की दाईं ओर चलेंगी।

शहीद पथ और उसकी सर्विस रोड पर ई-रिक्शा और ऑटो पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अर्जुनगंज और सुल्तानपुर रोड की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को निर्धारित मार्गों से ही सवारी उतारने और आगे बढ़ने की अनुमति होगी।

किराये की गाड़ियों के लिए नियम

ओला, ऊबर और अन्य किराये की गाड़ियों को हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच सवारी बैठाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी। एयरपोर्ट की ओर से आने वाले वाहन अहिमामऊ से पहले सवारी उतारेंगे, जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन तय मार्ग से ही गुजरेंगे।

जिन लोगों के पास वाहन पास होगा, वे अहिमामऊ से एचसीएल की ओर जाकर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करेंगे। जिनके पास पास नहीं है, उन्हें प्लासियो मॉल और वाटर टैंक तिराहा के बीच पार्किंग की सुविधा मिलेगी। दोपहिया वाहनों के लिए प्लासियो मॉल के पीछे पार्किंग तय की गई है।

अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई

स्टेडियम या प्लासियो मॉल के सामने अवैध पार्किंग करने पर वाहनों को टो किया जाएगा या क्लैम्प लगाया जाएगा। टिकट पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर दर्शक पार्किंग की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

बिना टिकट या ड्यूटी कार्ड के किसी भी व्यक्ति को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले प्रवेश शुरू होगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही एंट्री की अनुमति होगी। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा सिक्के, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ स्टेडियम में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

दर्शकों के लिए विशेष अपील

पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे शाम 6 बजे से 8 बजे के पीक आवर से बचते हुए समय से पहले या बाद में स्टेडियम पहुंचें। साथ ही स्टेडियम के आसपास रहने वाले लोगों से भी अनावश्यक भीड़ से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी नागरिक सहयोग करें, ताकि मैच के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

 

Also Read: Lucknow News: फर्जी दस्तावेज बनाकर दूसरों के खातों पर लिया लोन, हजरतगंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.