Lucknow News: स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्रा का आयोजन, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव हुए शामिल

Lucknow News: स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा का उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह 9:30 बजे केडी सिंह बाबू स्टेडियम से एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने स्वयं भाग लिया। यात्रा का समापन हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर हुआ, जहां मंत्री सहित सभी अधिकारियों ने महात्मा गांधी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था और माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज रहा था। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घोष ने माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। इस दौरान हजरतगंज का मुख्य मार्ग एक ओर से यातायात के लिए बंद कर दिया गया था, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ सके।

तिरंगा फहराने की अपील की

यात्रा का नेतृत्व खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया। उनके साथ खेल सचिव मनीष चौहान और खेल निदेशक आर.पी. सिंह भी मौजूद रहे। गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को नमन किया। साथ ही, यात्रा में शामिल लोगों ने नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में खेल विभाग द्वारा यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा—“तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह यात्रा देश के स्वतंत्रता सेनानियों और सीमा पर तैनात सैनिकों को समर्पित है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।”

देशभक्ति का संदेश हर कोने तक पहुंचे

मंत्री ने पुलवामा और पहलगाम की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे जवानों ने अपनी जान की बाजी लगाकर देश का सम्मान और सुरक्षा बनाए रखी है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि 15 अगस्त के अवसर पर हर घर पर तिरंगा अवश्य फहराएं, ताकि देशभक्ति का संदेश हर कोने तक पहुंचे।

इस तिरंगा यात्रा ने राजधानी के नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया। स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह के आयोजन न केवल देश के इतिहास और बलिदानों की याद दिलाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में भी देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं।

Also Read: भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ अमेरिका के अच्छे संबंध: टैमी ब्रूस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.