लखनऊ: पासी समाज का बंथरा थाने पर प्रदर्शन, पूर्व सांसद रीना चौधरी ने की गिरफ्तारी की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाने में रविवार को पासी समाज के लोगों ने दलित युवक से मारपीट के मामले में पुलिस की ढीली कार्रवाई के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व सांसद रीना चौधरी ने किया।
क्या है मामला?
मामला 22 अक्टूबर का है। सहिजनपुर निवासी जतिन रावत, जो सरोजनी नगर प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन रावत के भतीजे हैं, ने आरोप लगाया था कि जब वह हरौनी मार्केट में अपने परिजनों के साथ चोकर खरीदने गए थे, तब नारायनपुर गांव के अक्षत सिंह, मोहित सिंह चौहान, विकास सिंह, प्रियांशु शर्मा, पवन सिंह, कल्लू सिंह और दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लात-घूंसों और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की।

थाने पर हंगामा और पुलिस का आश्वासन
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर रीना चौधरी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सुबह करीब 11 बजे बंथरा थाना पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
पूर्व सांसद रीना चौधरी ने पुलिस पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने ऐसी मानसिकता के लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और ज्ञापन लिया। एसीपी ने जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगभग डेढ़ घंटे चला धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
चौकी इंचार्ज पर साठगांठ का आरोप
इस दौरान, प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन रावत ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हरौनी चौकी इंचार्ज आरोपियों से साठगांठ कर रहे हैं और पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। संघ ने चौकी इंचार्ज को तत्काल हटाने और पीड़ितों को मिल रही जान-माल की धमकियों को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस प्रदर्शन में रीना चौधरी, सरवन रावत के अलावा लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी और बहुजन क्रांति दल के अध्यक्ष मोहन पासी सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी कल्लू सिंह और प्रियांशु शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Also Read: लखनऊ: घर में कहासुनी के बाद NEET छात्रा ने गोमती नदी में कूदकर दी जान, रिवर फ्रंट से मिला शव

