Lucknow News: मड़ियांव पुलिस ने कसा शिकंजा, चोरी की 11 मोटरसाइकिलों के साथ आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी जोन अंतर्गत थाना मड़ियांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस टीम ने प्रभावी चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
आरोपी के खिलाफ मड़ियांव, अलीगंज और विकासनगर थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को थाना मड़ियांव की टीम सेक्टर-‘Q’ तिराहे पर क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सीतापुर रोड स्थित मड़ियांव पुल के नीचे सुलभ शौचालय के पास चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम सुमित जायसवाल (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी झोपड़ पट्टी डालीगंज क्रासिंग, थाना हसनगंज, लखनऊ बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग कंपनियों की कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि इन वाहनों के संबंध में थाना मड़ियांव, अलीगंज और विकासनगर में पहले से अभियोग पंजीकृत हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना मड़ियांव में संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच अन्य जनपदों में भी की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुमित जायसवाल पूर्व में चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था और उससे मिलने वाली रकम से अपने शौक पूरे करता था।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

