लखनऊ में ग्रामीणों ने इंस्पेक्टर के छुए पैर, आशीर्वाद देते दिखे रहीमाबाद थानेदार
Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में रहीमाबाद थाना पुलिस एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रहीमाबाद थाने के इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक के पैर कुछ ग्रामीण छूते नजर आ रहे हैं। वीडियो में इंस्पेक्टर ग्रामीणों को रोकने के बजाय उन्हें आशीर्वाद देते दिखाई दे रहे हैं। इनमें कुछ ग्रामीण उम्र में इंस्पेक्टर से बड़े भी नजर आ रहे हैं।
रहीमाबाद पुलिस इससे पहले भी अलग-अलग घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। कभी पुलिसकर्मियों के महिला डांसरों के साथ डांस करने के वीडियो सामने आए, तो कभी आम लोगों के पुलिस अधिकारियों के पैर छूने के दृश्य चर्चा का विषय बने। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर संदेश वाहक अखबार स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं करता है।
गौन्दा मुअज्जमनगर में रामलीला उद्घाटन का बताया जा रहा वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा इंस्पेक्टर का वीडियो रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गौन्दा मुअज्जमनगर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो रामलीला के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़ा है। इसमें ग्रामीण इंस्पेक्टर के पैर छूते दिखाई दे रहे हैं, जबकि इंस्पेक्टर उन्हें आशीर्वाद देते नजर आते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के इस व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी क्या रुख अपनाते हैं और कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।
पहले भी डांस वीडियो वायरल होने पर निलंबित हुआ था सिपाही
रहीमाबाद थाने से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है, जब किसी पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया हो। खबर के मुताबिक, पिछले वर्ष भैयादूज के दिन गौन्दा मुअज्जमनगर गांव में एक बड़ा मेला आयोजित किया गया था। इस दौरान आर्केस्ट्रा कार्यक्रम भी हुआ था।
उस समय रहीमाबाद थाने में तैनात सिपाही हृदेश कुमार का डांसरों के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सिपाही को निलंबित कर दिया था।
अब इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक का वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस मामले में भी वरिष्ठ अधिकारी कोई कार्रवाई करेंगे या नहीं। फिलहाल, उपलब्ध जानकारी में इंस्पेक्टर के खिलाफ किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट :- सुरेन्द्र कुमार
Also Read: लखनऊ में मुंहबोले चाचा ने सोते समय भतीजे पर फेंका तेजाब, एक आंख की रोशनी गई

