मुलायम के करीबी रहे पूर्व मंत्री भगवती सिंह के परिवार को अंतिम नोटिस, 7 दिन में खाली करें बंगला
Bhagwati Singh: लखनऊ की रिवर बैंक कॉलोनी में वर्षों से परिवार के कब्जे में चल रहे नगर निगम के सरकारी बंगले का आवंटन रद्द कर दिया गया है। यह आवास समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में रहे और पूर्व मंत्री भगवती सिंह के नाम आवंटित था। नगर निगम ने अब उनके परिवार को बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस दिया है। सात दिन में मकान खाली नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के मुताबिक रिवर बैंक कॉलोनी का आवास संख्या डी-2/2 भगवती सिंह और राकेश कुमार सिंह के नाम आवंटित था। दोनों की मृत्यु के बाद भी परिवार का कब्जा बना रहा। मामले की समीक्षा के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने 14 सितंबर 2026 को आवंटन निरस्त करने का आदेश जारी किया।
शासनादेश के आधार पर कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार आवंटन की शर्तों और 26 जून 1978 के शासनादेश के प्रावधानों के तहत यह फैसला लिया गया है। नगर निगम के रिकॉर्ड में मूल आवंटियों की मृत्यु के बाद परिवार के कब्जे को जारी रखने का कोई वैध आधार नहीं मिला।
सात दिन बाद शुरू होगी बेदखली की कार्रवाई
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (रेंट) ने सार्वजनिक सूचना जारी कर संबंधित लोगों को एक सप्ताह में भवन खाली कर कब्जा नगर निगम को सौंपने को कहा है। निगम ने स्पष्ट किया है कि समयसीमा खत्म होने के बाद कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है। निर्धारित समय में मकान खाली नहीं होने पर कब्जेदारों को अवैध माना जाएगा और उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम-1959 के तहत बेदखली की कार्रवाई शुरू होगी।
Also Read: श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़कर अनेक लोगों ने जान गंवाई तो कुछ पैसे कमाकर चले गए: चंपत राय

