लखनऊ में चोरी के शक में दो युवकों को नंगा कर पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस सक्रिय
Lucknow News: लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र के अंबरगंज में चोरी के शक में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार रात करीब 3 बजे दोनों युवक एक निर्माणाधीन मकान में चोरी करने घुसे थे। आहट होने पर वहां सो रहे मजदूरों और मिस्त्री ने उन्हें पकड़ लिया।
बताया गया कि दोनों को पहले बालागंज पुलिस चौकी ले जाया गया। आरोप है कि वहां कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें वापस निर्माणाधीन इमारत में लाया गया। यहां दोनों से चोरी का सामान और नकदी बरामद करने के नाम पर मारपीट की गई।
कपड़े उतरवाकर डंडे से पीटने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, ठाकुरगंज क्षेत्र में कुलदीप गुप्ता की ट्रेडर्स की दुकान है। वह अंबरगंज में इमारत बनवा रहे हैं। इसी जगह से मोटर, एक मजदूर का मोबाइल और मिस्त्री के करीब 10 हजार रुपये चोरी होने का आरोप है।
आरोप है कि दोनों युवकों के कपड़े उतरवाकर उन्हें डंडे से पीटा गया। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। वीडियो में दोनों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एक व्यक्ति हिरासत में, जांच जारी
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। अंबरगंज चौकी प्रभारी योगेंद्र ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष आर्य के अनुसार, वीडियो के आधार पर जांच चल रही है। पिटाई के शिकार युवकों की तलाश की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Haivan Review: ‘हैवान’ देखने से पहले पढ़ लें रिव्यू, अक्षय-सैफ की जोड़ी भी नहीं बचा पाई फिल्म

