Lucknow: AXIOM-4 मिशन की कमान संभालेंगे शुभांशु शुक्ला, कल से अंतरिक्ष में 14 दिन की यात्रा शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के लिए कल का दिन इतिहास में दर्ज होने जा रहा है। शहर के लाल, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज अमेरिका से अंतरिक्ष की उड़ान भरने जा रहे हैं। वह एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा हैं और बतौर पायलट 14 दिन की इस खास यात्रा पर रवाना होंगे।

बचपन से सितारों को छूने का सपना देखने वाले शुभांशु का यह सपना अब साकार हो रहा है। जैसे-जैसे उनकी अंतरिक्ष उड़ान का समय करीब आ रहा है, वैसे-वैसे उनके लखनऊ स्थित घर और मोहल्ले में उत्साह चरम पर है। मोहल्लेवालों ने पूरे इलाके को पोस्टर, बैनर और कटआउट से सजा दिया है। हर दीवार, हर गली और हर घर से बस एक ही संदेश गूंज रहा है “We are proud of you Shubhanshu!”
घर से लेकर शहर तक बना उत्सव का माहौल
शुभांशु के घर के बाहर लगी 20 फीट ऊंची होर्डिंग में उनका अंतरिक्ष सूट पहने शानदार चित्र दिखाई दे रहा है। थीम को पूरी तरह से देशभक्ति और एयरफोर्स से जोड़ा गया है। तिरंगे के तीन रंगों में संदेश लिखा है—
“We wish you all the best” (केसरिया में),
“For the success of your AXIOM-4 mission” (सफेद-नीले में),
“We are proud of you” (हरे रंग में)।
उनकी गली के बच्चे गर्व से कहते हैं, “जो अंतरिक्ष में जा रहे हैं, वो हमारे मोहल्ले के हैं!” वहीं, मोहल्ले के बुजुर्ग इसे “एक मोहल्ले की नहीं, पूरे लखनऊ की ऐतिहासिक उपलब्धि” बता रहे हैं। शुभांशु की सकुशल यात्रा के लिए कई घरों में विशेष पूजा-पाठ और मंगल कामना समारोह भी रखे गए हैं।

लखनऊ का नाम रोशन करने वाले पहले एस्ट्रोनॉट
शुभांशु शुक्ला भारत के पहले निजी अंतरिक्ष अभियान, एक्सिओम-4 का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बतौर भारतीय वायुसेना अधिकारी, उन्होंने देश की सेवा की है, और अब वह अंतरिक्ष में भारत की उपस्थिति का प्रतीक बनेंगे।
उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ लखनऊ, बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश गौरवान्वित है। अपने जुनून और मेहनत से शुभांशु ने युवाओं को यह संदेश दिया है कि “सपनों की कोई सीमा नहीं होती, बस उड़ान सच्ची होनी चाहिए।” आज जब शुभांशु ज़ीरो ग्रैविटी में जाने की तैयारी कर रहे हैं, तब लखनऊ उनके सपनों की उड़ान में साथ खड़ा है गर्व से, सम्मान से, और ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ।
Also Read: Lucknow: अवैध कब्जे पर मंडलायुक्त का सख्त एक्शन, तहसीलदार समेत कई लेखपाल निलंबित

