Lucknow News: इंस्टाग्राम की दोस्ती का खौफनाक अंजाम, दोस्त ने किशोरी को नशीला पदार्थ देकर किया रेप
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में सोशल मीडिया की दोस्ती का एक बेहद डरावना और शर्मनाक अंजाम सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का हवाला देकर एक युवक ने इंटर की छात्रा को मिलने बुलाया और फिर उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ रेप किया। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आशियाना की रहने वाली यह किशोरी इंटर की छात्रा है। कुछ समय पहले उसकी जान-पहचान इंस्टाग्राम के जरिए इंदिरानगर सेक्टर-10 निवासी तौकीर आलम से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों में दोस्ती हो गई।
आरोपी तौकीर आलम ने बुधवार को छात्रा को मिलने के लिए बुलाया। छात्रा उससे मिलने के लिए विभूति खंड स्थित डीएलएफ माई पैड पहुंची। आरोप है कि कमरे में आरोपी ने छात्रा को कोई नशीला पदार्थ पिलाया, जिसके बाद वह बदहवास हो गई। इसी दौरान तौकीर ने उसके साथ रेप किया।
परिजनों ने मौके से दबोचा
गनीमत रही कि घरवालों को किसी तरह इस घटना की भनक लग गई। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी तौकीर आलम को वहीं से पकड़ लिया। किशोरी की हालत खराब थी। होश में आने पर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। किशोरी के पिता की तहरीर पर विभूति खंड थाने में तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया।
इंस्पेक्टर विभूति खंड, अमर सिंह ने बताया कि आरोपी तौकीर आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा।
Also Read: ICC Women’s World Cup 2025: सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, ट्रॉफी से महज दो कदम दूर

