लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर बनेगा 4 लेन फ्लाईओवर, 5 लाख लोगों को मिलेगी राहत
Lucknow News: लखनऊ में तेलीबाग चौराहे पर रोज लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां 4 लेन का 858.06 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने को मंजूरी मिल गई है। इसकी अनुमानित लागत 145.99 करोड़ रुपये होगी। फ्लाईओवर बनने से पांच लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
पीक ऑवर में आधे घंटे तक फंसते हैं वाहन
लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर स्थित तेलीबाग चौराहा शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है। सुबह-शाम पीक ऑवर में यहां लंबा जाम लगता है। त्योहारों के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है। कई बार लोगों को आधे घंटे तक चौराहे पर फंसे रहना पड़ता है। इससे स्कूल और ऑफिस जाने वालों के साथ मरीजों को भी परेशानी होती है।
जाम की समस्या को देखते हुए सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने फ्लाईओवर का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने इसका प्रस्ताव तैयार किया। व्यय वित्त समिति की बैठक में इसे मंजूरी मिल गई है। अब शासन से धनराशि आवंटन का इंतजार है।
आगरा-कानपुर और पीजीआई जाने वालों को फायदा
फ्लाईओवर बनने के बाद आगरा और कानपुर एक्सप्रेस-वे की ओर से आने वाले वाहनों को चौराहे पर रुकावट कम होगी। रायबरेली रोड, आलमबाग, कैंटोनमेंट और वृंदावन योजना से आने-जाने वालों को भी सुविधा मिलेगी।
पीजीआई जाने वाले मरीजों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। सेतु निगम के मुताबिक धनराशि मिलने के बाद टेंडर और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद निर्माण शुरू होगा। संभावना है कि करीब डेढ़ से दो साल में फ्लाईओवर तैयार हो जाएगा।
Also Read: सुल्तानपुर में सरकारी शिक्षक और पत्नी की हत्या, स्कूल परिसर में मिले खून से सने शव

