लखनऊ में युवकों ने 17 साल के किशोर को लात-घूंसों से पीटा, पुलिस ने दर्ज किया केस

Lucknow News: लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में आपसी विवाद के बीच 17 साल के किशोर की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोर का विवाद से कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद कुछ युवकों ने उसे गालियां दीं और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। घटना का वीडियो अब सामने आया है। किशोर के पिता की शिकायत पर ठाकुरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल गेट के सामने हुआ विवाद

गढ़ी पीर खां बाबा हजाराबाग निवासी मोहम्मद इनाम खान ने पुलिस को बताया कि 2 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा मोहम्मद अयान खान सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, हरदोई रोड के गेट के सामने खड़ा था। इसी दौरान असद अब्बास और अब्दुल्ला के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था।

पिता का आरोप है कि तभी जमन, अली हमजा और कुमैल समेत कुछ अन्य लोगों ने अयान को गालियां देना शुरू कर दिया। किशोर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। हमले में अयान को चोटें आई हैं।

दोबारा दिखने पर धमकी देने का आरोप

मोहम्मद इनाम खान के मुताबिक, आरोपियों ने उनके बेटे को दोबारा इलाके में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उनका कहना है कि अयान का असद अब्बास और अब्दुल्ला के बीच चल रहे विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। इसके बावजूद उसे निशाना बनाया गया।

ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.