Lucknow: ‘रील’ का खुमार बना हादसा, लोहिया चौराहे पर बेकाबू कार नाले में पलटी

Sandesh Wahak Digital Desk: सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने का शौक आजकल युवाओं पर कुछ इस कदर हावी हो गया है कि वे अपनी और दूसरों की जान की परवाह भी नहीं करते। लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में शुक्रवार को ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब रील बनाने के दौरान एक युवक अपनी कार समेत नाले में जा गिरा। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई।

चौराहे पर वीडियो बनाने में मशगूल था चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना लोहिया चौराहे के पास हुई। कार चला रहा युवक अकेला था और चलती गाड़ी में मोबाइल से वीडियो बना रहा था। कार की रफ्तार तेज थी, और जब चौराहे पर पहुंचने पर उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, तो गलती से एक्सीलेटर दब गया, जिससे गाड़ी बेकाबू होकर सीधे नाले में जा गिरी। जैसे ही कार नाले में गिरी, आसपास मौजूद राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और राहगीरों की मदद से बची जान

सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक युवक खुद ही किसी तरह कार से बाहर निकल आया था। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को सामान्य बताया है। गोमतीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि यह दुर्घटना लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से हुई है। फिलहाल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। वहीं, पुलिस ने कार को क्रेन की मदद से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

Also Read: कानपुर पहुंचे PM मोदी, 47,573 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, शुभम के परिजनों से की मुलाकात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.