Lucknow: टीएचआर प्लांटों से महिलाओं की जिंदगी में खुशहाली, जल्द होगा अनौराकला यूनिट का विस्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के अनौराकला, चिनहट स्थित टेक होम राशन (टीएचआर) प्लांट से महिलाओं के जीवन में बदलाव की नई इबारत लिखी जा रही है। स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा संचालित इस प्लांट का आज उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैयार किए जा रहे पुष्टाहार की गुणवत्ता का जायज़ा लिया और दीदियों से बातचीत कर आमदनी में हो रही वृद्धि व अनुभवों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि इस प्लांट से उन्हें स्थायी आय का स्रोत मिला है जिससे उनके परिवारों में आर्थिक खुशहाली आई है।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट का विस्तार करते हुए एक महीने के भीतर बेसन, आटा, मसाला, तेल, और स्पेलर यूनिट की योजना तैयार की जाए। साथ ही बैंकों से टाइअप कर समूहों को वित्तीय सहायता देने की बात भी कही।

महिलाओं के बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी आई है। पहले जहाँ बिल लगभग ₹1.25 लाख आता था, वहीं सोलर एनर्जी से जुड़े प्लांट में अब यह घटकर ₹35 हजार रह गया है। सरकार की फूड प्रोसेसिंग नीति के तहत सोलर प्लांट पर 90% अनुदान भी दिया जा रहा है।

6 प्रकार के पूरक पोषाहार का उत्पादन कर स्वयं सहायता समूह

इस यूनिट में 10 स्वयं सहायता समूहों की दीदियां कार्य कर रही हैं जो पंजीरी, आटा बेसन हलवा, मूंग दाल खिचड़ी, बर्फी जैसे 6 प्रकार के पूरक पोषाहार का उत्पादन कर रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि भविष्य में बाजार में बिक्री के लिए भी उत्पाद तैयार किए जाएं ताकि महिलाओं की आय के और रास्ते खुलें।

करीब ₹90 लाख की लागत से तैयार इस यूनिट को अब मॉडल यूनिट के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें लगभग ₹5 करोड़ तक का विस्तार किया जाएगा। साथ ही अन्य कंपनियों से टाइअप व मनरेगा फंड का उपयोग भी प्रस्तावित है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी योजनाओं से आधी आबादी की आर्थिक स्थिति सशक्त हो रही है।

Also Read: जरा संभल कर, आगे सड़क धंस गई है! लखनऊ में खस्ताहाल सड़कों से जनता परेशान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.