Lucknow: चेन स्नेचिंग करने वाले तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, नकदी समेत लूट का सामान बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में सक्रिय तीन शातिर लुटेरों को पुलिस ने पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। गोमतीनगर थाना और पूर्वी जोन की क्राइम व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से तीन सोने की चेन के टुकड़े, ₹6000 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

महिला से छीनी थी चेन, पुलिस ने ग्वारी चौराहे से पकड़ा

पुलिस को यह कामयाबी उस वक्त मिली जब ग्वारी चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर तीनों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:

  • दीपक सोनी, 19 वर्ष, निवासी विधायक चौराहा, थाना चिनहट
  • लकी कश्यप, 19 वर्ष, निवासी कहारन टोला, सतरिक रोड, थाना चिनहट
  • सुमित कश्यप, 18 वर्ष, निवासी कहारन टोला, सतरिक रोड, थाना चिनहट

दो मामलों में हुई थी चेन स्नेचिंग, पुलिस कर रही है गहन जांच

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 6 जून 2025 को गोमतीनगर के पत्रकारपुरम स्थित सहारा प्लाजा के बाहर एक महिला से चेन छीनी थी। यही नहीं, 30 मई की रात को विकासनगर इलाके में सीएमएस स्कूल के पास भी एक महिला से चेन लूटी गई थी। लूटी गई चेन को तीन टुकड़ों में काटकर आपस में बांट लिया गया था। इसके अलावा कुछ रकम उन्होंने खर्च कर दी थी, जबकि ₹6000 नकद पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने लूट में इस्तेमाल काली स्प्लेंडर बाइक (नं. UP32PW2426) को भी जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि लकी कश्यप के खिलाफ आर्म्स एक्ट में पहले से मामला दर्ज है, वहीं सुमित कश्यप पर बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाने में अपहरण व जबरन शादी कराने (धारा 363/366) का मुकदमा चल रहा है।

पंजीकृत मुकदमे

थाना गोमतीनगर में: मुकदमा संख्या 227/2025, धारा 304(2)/317(2) बीएनएस

थाना विकासनगर में: मुकदमा संख्या 76/2025, धारा 304(2)/317(2) बीएनएस

क्या-क्या सामान बरामद हुआ? 

  • सोने की चेन के 3 टुकड़े
  • ₹6000 नकद
  • काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसका इस्तेमाल लूट में किया गया था (अब सीज़ कर दी गई है)

पुलिस अब इन आरोपियों के अन्य संभावित अपराधों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या इनका कोई बड़ा गिरोह से संबंध है।

Also Read: बहराइच की दरगाह पर सपा नेता मसूद आलम खां ने चढ़ाई चादर, एकता का दिया संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.